नीमच। गिरवी रकम के नाम पर झूठी शिकायतें कर दुकानदारों को धमकाने, गाली-गलौज करने और महिलाओं को आगे कर दबाव बनाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस मामले को लेकर वस्त्र व्यवसायी कल्याण संघ समिति, नीमच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संघ के अनुसार 28 जनवरी 2026 को नया बाजार स्थित फर्म मनोहर टेक्सटाइल्स पर कुछ पुरुष एवं महिलाएं पहुंचे और गिरवी रकम को लेकर बेबुनियाद आरोप लगाते हुए दुकानदार के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज की गई, जान से मारने की धमकी दी गई तथा महिलाओं को आगे कर मानसिक दबाव बनाते हुए भय का वातावरण निर्मित किया गया।
व्यापारी संगठन ने बताया कि इस प्रकार की घटनाएं पूर्व में रामपुरा, मनासा, मल्हारगढ़ एवं कुकड़ेश्वर क्षेत्रों में भी हो चुकी हैं, जिनके संबंध में लगातार ज्ञापन दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा व्यापारियों को बदनाम करने और उनके व्यवसाय को बाधित करने के प्रयास जारी हैं।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ऐसे तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे व्यापारियों की सुरक्षा एवं सम्मान को ठेस पहुंचेगी और जिले की कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। संगठन ने पुलिस प्रशासन से आरोपित व्यक्तियों एवं समूहों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
व्यापारी संघ ने यह भी बताया कि फर्म मनोहर टेक्सटाइल्स द्वारा घटना के संबंध में उसी दिन नीमच कैंट थाना एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।