नीमच। वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को नीमच जिले में किसानों की भव्य मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय इस दोपहिया वाहन रैली में बड़ी संख्या में प्रगतिशील, युवा एवं नवाचारी किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली को विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान तथा सभापति मनीषा धाकड़ ने अनुविभागीय कृषि अधिकारी कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
किसानों में जागरूकता बढ़ाने एवं कृषि के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली के माध्यम से किसान कल्याण वर्ष अंतर्गत संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। रैली ने किसानों के सम्मान और कृषि क्षेत्र के महत्व को प्रभावशाली रूप से रेखांकित किया।
मोटरसाइकिल रैली टीवीएस शोरूम चौराहा, शिवाजी सर्कल, फव्वारा चौक, टैगोर मार्ग, प्लेटिनम चौराहा, लायंस पार्क, गोमाबाई रोड, अंबेडकर रोड एवं एलआईसी चौराहा होते हुए पुनः अनुविभागीय कृषि अधिकारी कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने किसानों से आह्वान किया कि वे आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कृषि को अधिक लाभकारी बनाएं तथा शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। कार्यक्रम के अंत में कृषि वर्ष 2026 को सफल बनाने और किसानों के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया गया।