इंदौर। इंदौर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में एडवोकेट अभिषेक तुगनावत ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए उपाध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने चारों प्रतिद्वंद्वियों को भारी मतों से पराजित करते हुए कुल 911 मत प्राप्त किए।
परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों एवं शुभचिंतकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर समर्थकों ने आतिशबाजी की तथा ढोल-नगाड़ों के साथ विजय उत्सव मनाया। अधिवक्ता साथियों ने फूलमालाएं पहनाकर अभिषेक तुगनावत का भव्य स्वागत किया और उन्हें जीत की शुभकामनाएं दीं।
अपनी जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एडवोकेट अभिषेक तुगनावत ने विनम्रता के साथ इसका श्रेय अपने सहयोगियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और समर्थकों को दिया। उन्होंने कहा कि वे बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूर्ण निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। साथ ही संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा अधिवक्ताओं के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प भी व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि एडवोकेट अभिषेक तुगनावत मनासा तहसील के ग्राम हतुनिया के निवासी हैं और विगत 21 वर्षों से विधि क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे पूर्व विधायक सूरज तुगनावत के पौत्र एवं पूर्व एजीपी सुभाष तुगनावत के सुपुत्र हैं। उनके उपाध्यक्ष चुने जाने पर इष्ट-मित्रों, परिजनों, अधिवक्ता साथियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ दी हैं।