शामगढ़। सोना-चांदी की लगातार बढ़ती कीमतों तथा वर्षों पुराने गिरवी रकम से जुड़े मामलों को लेकर सर्राफा व्यापारियों में असंतोष देखा जा रहा है। इसी को लेकर शामगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम मेलखेड़ा के सर्राफा व्यापारियों ने पुलिस थाना शामगढ़ पहुंचकर थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय को ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई व सुरक्षा की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान में सोना-चांदी के दामों में तेज बढ़ोतरी के चलते पुराने गिरवी लेन-देन के मामलों में अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे मामलों में व्यापारियों को मानसिक और व्यावसायिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से सर्राफा व्यापारियों ने मांग की कि वर्षों पुराने और आपसी सहमति से हुए लेन-देन के मामलों में उन्हें बेवजह परेशान न किया जाए तथा किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में पुलिस द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति विवाद उत्पन्न करता है या दबाव बनाता है तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के आश्वासन के बाद सर्राफा व्यापारियों ने संतोष व्यक्त किया और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी। यह मामला व्यापारिक स्थिरता और कानून व्यवस्था से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।