नीमच। जांगिड़ ब्राह्मण समाज जवाहर नगर, नीमच के तत्वावधान में 49वां श्री विश्वकर्मा जन्मोत्सव गुरुवार को 127, जवाहर नगर स्थित समाज धर्मशाला में श्रद्धा, उत्साह एवं उमंग के साथ प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
जन्मोत्सव के अंतर्गत प्रथम दिवस समाज की बालिकाओं, महिलाओं एवं बच्चों के लिए चित्रकला एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समाज के पदाधिकारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि कार्यक्रमों की श्रृंखला में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान पर बालक-बालिका वर्ग की दौड़, स्लो साइकिल रेस तथा पुरुष एवं महिला वर्ग की स्लो स्कूटी रेस संपन्न हुई। वहीं समाज भवन में महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन, चेयर रेस, चम्मच रेस, फैंसी ड्रेस एवं सामाजिक सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
उत्सव के अंतर्गत रात्रि में भगवान विश्वकर्मा कथा एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। 31 जनवरी को प्रातः हवन एवं गणपति पूजन, दोपहर में भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा, सायं पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह तथा महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा।
सम्मान समारोह में भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सदस्य श्री विनय जांगिड़ तथा भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन पाटीदार मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।