चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक अब केवल एक वित्तीय संस्था नहीं, बल्कि नगर परिषद क्षेत्र के मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों एवं उद्यमियों के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। यह विचार बैंक के अध्यक्ष एवं संस्थापक डॉ. आई. एम. सेठिया ने व्यक्त किए।
डॉ. सेठिया प्रतापगढ़ शाखा द्वारा सोहन पैलेस में आयोजित रजत जयंती अर्बन संक्रांति महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बैंक की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अर्बन बैंक की स्थापना विशेष रूप से मध्यम वर्गीय नागरिकों और छोटे व्यवसायियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर की गई थी।
उन्होंने बताया कि बैंक मात्र एक सप्ताह के भीतर एक करोड़ रुपये तक का ऋण स्वीकृत करने की क्षमता रखता है, जबकि एक से अधिक फर्म होने की स्थिति में अधिकतम दो करोड़ रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। यह सुविधा छोटे एवं मध्यम उद्यमियों के लिए बड़ा सहारा सिद्ध हो रही है।
इस अवसर पर बैंक की प्रबंध निदेशक वंदना वजीरानी, निदेशक राधेश्याम आमेरिया, बाबरमल मीणा, हेमंत शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में भाजपा नेता गजेन्द्र चण्डालिया, समाजसेवी प्रभुलाल पालीवाल, किरीट शर्मा, त्रिलोकचंद बाफना, उत्सव जैन, शांतिलाल नायक, प्रांजल चिप्पड़, अनिल करनपुरिया, चंद्रशेखर जोशी, अम्बालाल एवं हातिम भाई ने बैंक की सामाजिक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि अर्बन बैंक केवल आर्थिक लेन-देन का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक उत्थान का भी सशक्त माध्यम बन रहा है।