नीमच। आज आराध्य देव भगवान श्री देवनारायण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर अखिल भारतीय मेवाड़ा धनगर गायरी समाज, जिला नीमच के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाजजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ नीमच सिटी के कोर्ट मोहल्ला स्थित भगवान देवनारायण मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद शोभायात्रा सांवरिया सेठ मंदिर, फव्वारा चौक, बारादरी, नया बाजार, घंटाघर, पुस्तक बाजार होते हुए भारत माता चौराहा और अंत में टाउन हॉल पहुंचकर संपन्न हुई।
मुख्य मार्ग पर पुष्प वर्षा कर श्रद्धाभाव से स्वागत किया गया। शोभायात्रा में डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ भक्ति गीतों पर समाजजन झूमते दिखाई दिए। श्रद्धालु हाथों में धर्मध्वज लेकर आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान भगवान देवनारायण की भव्य और आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
शोभायात्रा के टाउन हॉल पहुंचने पर धर्म सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाज के वरिष्ठजनों ने भगवान देवनारायण के आदर्शों और समाज में उनकी प्रेरणादायक भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाज द्वारा सामूहिक भोज का आयोजन भी किया जाएगा।