नीमच। विश्वकर्मा समाज के आराध्य देव भगवान श्री विश्वकर्मा जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर दिव्यांग ज्योति सेवा संस्थान, नीमच द्वारा मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए रेड क्रॉस ब्लड बैंक, नीमच में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। धार्मिक श्रद्धा और सामाजिक सेवा ने इस कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री विश्वकर्मा जी के चित्र पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद रक्तदान शिविर की शुरुआत की गई, जिसमें अक्षय ब्लड हेल्पलाइन के सहयोग से सुव्यवस्थित रूप से रक्त संग्रह किया गया।
शिविर में समाजजनों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर मानव जीवन बचाने का संकल्प साकार किया। रक्तदान करने वाले सभी दाताओं को प्रशंसा पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस शिविर में कुल 21 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है और आयोजन शाम 4 बजे तक संचालित रहेगा।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। ऐसे सेवा कार्य समाज में जागरूकता फैलाने के साथ ही परोपकार और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर रामप्रकाश बलदेवा, जगदीश शर्मा, भंवर लाल शर्मा, किशन लाल शर्मा, भोपराज शर्मा, शंभू प्रसाद शर्मा, कुशल शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक और समाजजन उपस्थित रहे।