नीमच। जांगिड़ ब्राह्मण समाज द्वारा आराध्य देव भगवान श्री विश्वकर्मा जी के 49वें जन्म महोत्सव के पावन अवसर पर नीमच में विशाल एवं भव्य चल समारोह निकाला गया। श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह से ओत-प्रोत इस आयोजन में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
चल समारोह 127 जवाहर नगर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः जांगिड़ धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुआ। शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और डीजे पर बजते भक्ति गीतों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु भक्ति भाव में झूमते नजर आए। मार्ग में जगह-जगह समाजजनों एवं नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
पूजन-हवन के साथ हुआ शुभारंभ-
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः गणपति पूजन एवं हवन के साथ हुई। आयोजन समिति ने बताया कि जवाहर नगर स्थित जांगिड़ ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में श्री विश्वकर्मा जन्मोत्सव का तीन दिवसीय भव्य महोत्सव आयोजित किया गया, जिसका समापन आज हुआ।
प्रतियोगिताएं रहीं आकर्षण का केंद्र-
महोत्सव के दौरान समाज की बालिकाओं, महिलाओं एवं बच्चों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। साथ ही भजन-कीर्तन के माध्यम से पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
आज होगा पुरस्कार वितरण-
आयोजन के समापन अवसर पर आज शाम पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा।