पिपलियामंडी। नगर एवं अंचल में धर्म, भक्ति, सेवा और गौसंरक्षण के पावन उद्देश्य को लेकर आयोजित श्रीमद् भागवत धर्मध्वजा एवं गौसेवा महोत्सव की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। यह सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव 1 फरवरी से 7 फरवरी 2026 तक श्री राधा कृष्ण गौशाला, बरखेड़ा पंथ में श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के अंतर्गत आचार्य देवेंद्र शास्त्री की उत्साहपूर्वक अगवानी की गई। शनिवार को पिपलिया चौपाटी से भव्य वाहन रैली निकाली गई, जो धरियाखेड़ी पहुंची। वहां से आचार्यश्री की अगवानी कर उन्हें बरखेड़ा पंथ लाया गया।
1 फरवरी को निकलेगी भव्य कलश यात्रा-
महोत्सव का शुभारंभ 1 फरवरी 2026, रविवार को प्रातः 7:30 बजे भव्य कलश यात्रा से होगा। कलश यात्रा श्री टीलाखेड़ा बालाजी मंदिर से प्रारंभ होकर लवली चौराहा, खात्याखेड़ी होते हुए बरखेड़ा पंथ स्थित श्री राधा कृष्ण गौशाला पहुंचेगी। कलश यात्रा में बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों के साथ पीतल से निर्मित धर्मध्वजा, भगवान श्री राधा-कृष्ण की सजीव झांकी तथा सिर पर कलश धारण किए माताएं-बहनें शामिल होंगी।
धर्मध्वजा स्थापना व गौशाला शेड का भूमिपूजन-
प्रातः 10:30 बजे धर्मध्वजा स्थापना एवं गौमाताओं के लिए शेड निर्माण का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके पश्चात प्रातः 11:00 बजे महामंडलेश्वर संदीपेंद्र गिरी महाराज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धर्मध्वजा की स्थापना एवं गौसेवा से जुड़े कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा।
श्रीमद् भागवत कथा का होगा शुभारंभ-
धर्मध्वजा स्थापना के बाद दोपहर 12:15 बजे से श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ होगा, जिसमें प्रथम महाआरती संपन्न की जाएगी। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, सेवा और गौसंरक्षण के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
महिला संगठनों से सहभागिता की अपील-
इस धार्मिक आयोजन में नगर एवं अंचल के समस्त महिला संगठनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। पोरवाल महिला संगठन, सखी-सहेली महिला मंडल, लायंस क्लब महिला मंडल, रिद्धि-सिद्धि महिला मंडल, राजराजेश्वरी महिला मंडल, अग्रवाल महिला मंडल, सकल ब्राह्मण समाज महिला मंडल, डिवाइन ग्रुप सहित अन्य महिला संगठनों से अपील की गई है कि वे कलश यात्रा, धर्मध्वजा स्थापना एवं प्रथम महाआरती में सपरिवार सहभागिता कर आयोजन की शोभा बढ़ाएं।
प्रेस क्लब पिपलियामंडी के तत्वावधान में आयोजन-
यह संपूर्ण आयोजन प्रेस क्लब पिपलियामंडी के तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रेस क्लब के संरक्षक मनोहर काबरा, अध्यक्ष जगदीश पंडित, उपाध्यक्ष हरीश गुप्ता, सचिव जेपी तेलकार, कोषाध्यक्ष प्रकाश बंसल तथा कार्यकारी सदस्य राजेश फरक्या, शंभू मेक, नरेंद्र राठौर, वरिष्ठ सदस्य बाबूलाल नागर, विजय गेहलोत, रवि पोरवाल, निखिल सोनी एवं ललित सोलंकी ने नगर व अंचलवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धर्म, भक्ति एवं गौसेवा के पावन महोत्सव को सफल बनाएं।