नीमच। अखिल भारतीय पोरवाल महिला महासभा (मध्यप्रदेश इकाई) द्वारा प्रतिभा सम्मान एवं जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सांवलिया सेठ के दरबार मंडफिया (राजस्थान) में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। प्रदेश अध्यक्ष सुनीता मुजावदिया (मंदसौर), प्रदेश महामंत्री गायत्री डपकरा (गरोठ) एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष ललिता गुप्ता (नाहरगढ़) ने बताया कि समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विगत डेढ़ वर्ष में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के 50 विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पोरवाल (नीमच) सहित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सांवलिया सेठ के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने महिला महासभा की गतिविधियों की सराहना करते हुए समाज सेवा के कार्यों को और विस्तार देने का आह्वान किया।
समारोह में वर्ष 2024-25 में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं धार्मिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं, 28 प्रोजेक्ट चेयरमैनों तथा 10 प्रायोजकों का सम्मान किया गया। साथ ही समाज के जिला पंचायत सदस्य, नगर परिषद पार्षद, जनपद सदस्य एवं नगर पंचायत पदाधिकारियों को जनप्रतिनिधि सम्मान प्रदान किया गया। विशेष रूप से राजस्थान प्रशासनिक सेवा में चयनित अर्पित पोरवाल (रामगंजमंडी) एवं राजस्थान न्यायिक सेवा में चयनित प्रकृति घाटिया (पिपलिया मंडी) का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर सांवलिया सेठ को वागे पहनाने, छप्पन भोग, नोटों एवं पुष्पमालाएं अर्पित की गईं तथा महाप्रसादी का आयोजन हुआ। मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात एवं महाराष्ट्र से आए लगभग 500 समाजबंधुओं ने दर्शन-पूजन कर कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन मुकेश गुप्ता (नाहरगढ़) ने किया एवं आभार प्रदर्शन गायत्री डपकरा एवं ललिता गुप्ता ने किया।