नीमच। नीमच शहर के भारत माता (फोर जीरो) चौराहे पर रविवार रात श्री लखदातार परिवार द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने देर रात तक भक्ति में लीन होकर ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठाया।
आयोजन की शुरुआत बाबा श्याम की अखंड ज्योत प्रज्वलित कर की गई। बाबा का मनमोहक श्रृंगार दिल्ली और बेंगलुरु से मंगाए गए विशेष फूलों से किया गया, जिससे पूरे पंडाल में इत्र और पुष्प वर्षा के साथ सुगंधित वातावरण बना।
भजन संध्या में मनासा की कनीका ग्रोवर ने ‘श्याम चूड़ी बेचने आया’ और ‘ओ कान्हा अब तो मुरली की’ जैसे भजनों से समां बांधा। उनके भजनों पर भक्त जगह पर खड़े होकर झूमते नजर आए। कोलकाता के रोहित शर्मा (जिम्मी) ने भी विशेष अंदाज में श्याम भक्ति का आनंद बढ़ाया, जिसके चलते युवाओं की टोलियां देर रात तक थिरकती रहीं।
नीमच शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन का समापन महाआरती के साथ हुआ, जिसके बाद भक्तों को छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में नीमच श्याम सरकार द्वारा दरबार सेवा और आशीष इंटरनेशनल म्यूजिकल ग्रुप द्वारा संगीत की प्रस्तुति दी गई।