चित्तौड़गढ़। आचार्य तुलसी बहुद्देशीय फाउंडेशन (एटीबीएफ) महिला टीम द्वारा विगत दस वर्षों से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 8 मार्च 2026 को प्रस्तावित महिला रक्तदान शिविर के शुभारंभ की तैयारियों को लेकर एटीबीएफ महिला टीम की एक बैठक एटीबीएफ सर्जिकल पॉइंट पर आयोजित की गई।
बैठक में सचिव अनामिका चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक की अध्यक्षता करते हुए संस्था की अध्यक्ष पूर्णिमा मेहता ने कहा कि एटीबीएफ महिला टीम ने पूर्व में एक ही दिन में 339 महिलाओं द्वारा रक्तदान कराकर लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जिले का नाम दर्ज करवाया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस वर्ष महिला टीम पूर्व रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नवाचारों के साथ अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़कर रक्तदान शिविर को ऐतिहासिक बनाएगी।
संस्था के संस्थापक सुनील ढीलीवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए घर-घर संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया तथा वार्ड स्तर पर जागरूकता फैलाते हुए महिलाओं से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में तारा पारिक, सपना जैन, तारा सहलोत, नेहा सुराणा, सुरेखा मेहता, श्वेता ढीलीवाल, आशा वैद, राखी गुप्ता, मीनाक्षी लड्ढा, निशिका ढीलीवाल सहित महिला टीम की सदस्याओं ने अपने-अपने सुझाव एवं विचार व्यक्त किए।