माउंट आबू। 33 कोटि देवी-देवताओं के वास के रूप में प्रसिद्ध माउंट आबू स्थित विश्व विख्यात जीण माता धाम में आयोजित द्वितीय प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य और दिव्य समापन हो गया। महोत्सव के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत सुबह-सुबह नवचंडी यज्ञ का विधिवत एवं भव्य समापन किया गया। यह आयोजन प्रसिद्ध कथावाचक मयंक मिश्रा के सानिध्य में, शास्त्री पुष्पेंद्र सनाढ्य एवं प्रधान पुजारी सरल महाराज की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
महोत्सव में जयपुर से आए अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त भजन गायकों ने मां जीण माता के मंगल पाठ और भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।
महोत्सव के दौरान चुनरी उत्सव, गजरा उत्सव और मेहंदी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। मां को 16 श्रृंगार के साथ 16 गजरे अर्पित किए गए, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय और अलौकिक आभा से सराबोर हो गया।
देश के कोने-कोने से हजारों श्रद्धालु मां जीण माता के दर्शन के लिए पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान मां के श्रृंगार, गजरे और मेहंदी की अनुपम छटा को देखकर माउंट आबू आए पर्यटक भी मंत्रमुग्ध हो गए।