चित्तौड़गढ़। शहर की सुप्रसिद्ध एवं प्रतिष्ठित संगीत संस्था ‘सुरों की मंडली संस्थान’ अब लेक सिटी के साथ-साथ पूरे प्रदेश में अपनी सांस्कृतिक और संगीतमय पहचान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। आमजन को संगीत का साझा मंच उपलब्ध कराने और प्रदेश की छिपी हुई गायन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्था ने प्रदेशव्यापी विस्तार की शुरुआत की है। इसी क्रम में संस्था द्वारा चित्तौड़गढ़ चैप्टर की आधिकारिक घोषणा की गई है।
संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि आई.पी.एस. मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक विजय मलकानी को चित्तौड़गढ़ चैप्टर का संयोजक नियुक्त किया गया है। चित्तौड़गढ़ चैप्टर की शुरुआत सुरों की मंडली के उदयपुर संयोजक रमेश दतवानी के सहयोग से की गई है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य संगीत को हर घर तक पहुँचाना और उन लोगों को मंच प्रदान करना है, जो संगीत के प्रति गहरा लगाव और जुनून रखते हैं। अब सुरों की मंडली चित्तौड़गढ़ में स्थानीय कलाकारों एवं संगीत प्रेमियों को एक मंच पर लाकर नियमित रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रमों और संगीत संध्याओं का आयोजन करेगी, जिससे राजस्थान की समृद्ध कला और सांस्कृतिक परंपरा को नया आयाम मिलेगा।
संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी के नेतृत्व में शीघ्र ही सुरों की मंडली के पदाधिकारी चित्तौड़गढ़ पहुँचकर कलाकारों की बैठक आयोजित करेंगे तथा मंचीय गतिविधियों का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।