प्रतापगढ़। पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुक्तिधाम स्थित दादा भैरव नाथ मसान वाली महाकाली माता का दरबार श्रद्धा और भक्ति से गूंज उठा। माता का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया, वहीं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन एवं ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच विशाल महाआरती का आयोजन किया गया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दूर-दराज से आए भक्तों ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि, आरोग्य और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि दादा भैरव नाथ मसान वाली महाकाली माता के दरबार से कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता।
मनोकामना पूर्ण होने पर भक्त विशेष प्रसाद अर्पित कर माता के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हैं। इन दिनों यह पावन स्थल न सिर्फ प्रतापगढ़ बल्कि आसपास के क्षेत्रों के भक्तों के लिए आस्था, विश्वास और शक्ति का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
पूरे आयोजन के दौरान वातावरण “जय महाकाली” और “दादा भैरव नाथ की जय” के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।