मनासा। क्षेत्र के ग्राम साकरियाखेड़ी में रविवार दोपहर एक गरीब बुजुर्ग के कच्चे मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की इस घटना में घर में रखा समस्त घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नंदा पिता देवा भील, निवासी साकरियाखेड़ी के कच्चे मकान में दोपहर के समय अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आकर मकान में रखा गेहूं, मक्का, दाल, शक्कर सहित खाने-पीने का समस्त राशन, ओढ़ने-बिछाने का सामान, आधार कार्ड की पावती एवं नगद राशि जलकर नष्ट हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि बुजुर्ग दंपति की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है और आगजनी में उनका पूरा खाद्यान्न भी नष्ट हो गया है, जिससे उनके सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित बुजुर्ग दंपति को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर मोजा पटवारी को मौका पंचनामा एवं नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। तहसीलदार कुकड़ेश्वर नवीन छोलात्रे ने बताया कि आरबीसी के प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।