चित्तौड़गढ़। भव्य कलश, शोभायात्रा एवं संत आशीर्वचन के साथ ही सेगवा क्षेत्र चेतक बस्ती का हिन्दू सम्मेलन रविवार को संपन्न हुआ।
आयोजन समिति के अनुसार, हिन्दू सम्मेलन की शुरुआत प्रातः परशुराम द्वार के पास स्थित शारदा कॉलोनी मंदिर से कलश और शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण किया और पुरुष, युवा हाथों में भगवा ध्वज लेकर जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। जगह-जगह बालिकाओं और युवाओं के अखाड़ा प्रदर्शन हुए, जबकि विभिन्न देवी-देवताओं और महापुरुषों के रूप धरे बच्चे दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहे थे।
शोभायात्रा में देशभक्ति गीतों और भजनों के साथ हज़ारों क्षेत्रवासी शामिल हुए। विभिन्न संगठनों, आमजनों और व्यापारियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर प्रतिभागियों का जोरदार स्वागत किया। दोपहर तक शोभायात्रा चमत्कारी सांवलिया मंदिर के सामने स्थित उत्सव वाटिका पहुँची, जहां संतों द्वारा आशीर्वचन दिए गए।
मंचासीन संतों ने सभी को एकजुट होकर धर्म और देश को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने समझाया कि जहाँ एकता नहीं होती, वहाँ धर्म, समाज और नागरिक सभी संकट में पड़ जाते हैं। संतों ने युवाओं को संस्कारवान बनाने और संगठित हिन्दू समाज को सशक्त भारत की पहचान देने पर जोर दिया। उन्होंने जातिवाद से ऊपर उठकर एकजुट रहने और पश्चिमी संस्कृतियों का अंधानुकरण न करने की सलाह दी।
आयोजन समिति के संरक्षक भुवनेश कंसल, पं. दुर्गेश सुखवाल, रोशन लाल, रमेश कुमार गेहलोत, सत्यप्रकाश शर्मा, नरेंद्र सिंह टांक, अध्यक्ष आशीष उपाध्याय, उपाध्यक्ष हेमलता भट्ट, संयोजक मिठ्ठू लाल, सहसंयोजक संजय बंसल, कोषाध्यक्ष दिलीप गर्ग, सहकोषाध्यक्ष गौरी शंकर गर्ग, प्रचार प्रमुख उमेश अजमेरा सहित सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने इस धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
सभा का समापन महाप्रसादी वितरण के साथ हुआ और हिन्दू सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।