नीमच। जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार को जीरन और मनासा क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं। इसके बाद सोमवार को पूरे जिले में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
सोमवार सुबह नीमच जिले में दृश्यता बेहद कम रही। घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाने पड़े। मौसम विभाग के अनुसार जिले का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बादलों की मौजूदगी के चलते सुबह और शाम की ठंड में हल्की कमी महसूस की गई।
आगामी दो दिनों में बारिश की संभावना-
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल ओलावृष्टि को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सोमवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और मौसम का यह मिजाज आगामी एक सप्ताह तक बना रह सकता है। बदलते मौसम को देखते हुए किसान और प्रशासन दोनों ही सतर्कता बरत रहे हैं।