मनासा। नगर के काछी मोहल्ले में 28 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे अज्ञात कारणों से एक मकान में आग लग गई। इस हादसे में घर में रखा घरेलू सामान, दस्तावेज और नकदी जलकर खाक हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार काछी मोहल्ला निवासी रोहित पिता बाबूलाल कछावा के मकान में अचानक आग लग गई। घटना के समय रोहित फर्नीचर का कार्य करता है और किसी काम से मनासा में ही बाहर गया हुआ था, जबकि उसके माता-पिता एक सामाजिक आयोजन में बालागंज गए हुए थे। इसी दौरान मकान के ऊपरी हिस्से से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने तत्काल रोहित और उसके परिजनों को सूचना दी तथा फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी की इस घटना में घर में रखा फ्रिज, कूलर, टीवी, बिस्तर, सिलाई मशीन, फर्नीचर, वाहन से संबंधित दस्तावेज, एलआईसी के कागजात, जन्म प्रमाण पत्र, खाने-पीने का सामान तथा करीब 50 हजार रुपये नकद जलकर नष्ट हो गए।
पीड़ित रोहित कछावा के अनुसार इस आगजनी से उसे लगभग 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। इस घटना के बाद परिवार के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने 29 जनवरी को अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर घटना का सर्वे कराकर शासन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।