नीमच। नीमच से सांवरिया सेठ की पैदल यात्रा की तैयारियों को लेकर कलेश्वर महादेव मंदिर, नीमच में एक महत्वपूर्ण अंतिम बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में बताया गया कि यह पैदल यात्रा अपने दूसरे वर्ष में प्रवेश कर रही है, जिसका नेतृत्व शहर के प्रसिद्ध समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा (गंगानगर) द्वारा किया जा रहा है। यात्रा को भव्य और सुव्यवस्थित रूप देने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
आयोजन की जानकारी देते हुए बताया गया कि 3 फरवरी की रात्रि को लायंस पार्क चौराहा पर सांवरिया सेठ की भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर आलौकिक दरबार सजेगा तथा प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इसके पश्चात 4 फरवरी को प्रातः 7.00 बजे लायंस पार्क चौराहे से सांवरिया सेठ के दर्शन हेतु पैदल यात्रा का शुभारंभ होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पदयात्रा में शामिल होकर सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा के दौरान 4 फरवरी की रात्रि को निबाड़ा में विश्राम किया जाएगा, जहां भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
5 फरवरी की प्रातः पुनः यात्रा प्रारंभ होकर सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचेगी, जहां अरुल अशोक अरोरा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन कर शहर व जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि यात्रा में सम्मिलित सभी श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, भोजन, पेयजल एवं प्राथमिक चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।