गरोठ। बोलिया में स्थानीय सर्राफा एवं व्यापारी वर्ग ने पुलिस सहायता केंद्र (चौकी) बोलिया पहुंचकर चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने अवगत कराया कि 10 से 12 वर्ष पूर्व सोना-चांदी गिरवी रखकर चले गए कुछ ग्राहक अब पुनः लौट रहे हैं, जिससे लेन-देन को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
व्यापारियों का कहना है कि इतने पुराने मामलों के पुनः सामने आने से बाजार में भ्रम और तनाव का वातावरण बन सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में समुचित जांच-पड़ताल के पश्चात ही कोई कार्रवाई की जाए, ताकि अनावश्यक रूप से व्यापारियों को परेशान न किया जाए और बाजार व्यवस्था बनी रहे।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गिरवी से जुड़े अधिकांश मामले आपसी लेन-देन से संबंधित हैं, जिनका समाधान प्रशासन की निगरानी एवं सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से किया जा सकता है।
चौकी प्रभारी ने व्यापारियों का ज्ञापन स्वीकार करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई एवं आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप सिंह जादौन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे।