नीमच। श्री वैष्णव बैरागी समाज, जिला नीमच द्वारा आज जिला प्रशासन को दो महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। समाजजनों ने एक ओर सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल समाजबंधु के लिए आर्थिक सहायता और निष्पक्ष न्याय की मांग की, वहीं दूसरी ओर गुरुकुल एवं छात्रावास निर्माण के लिए भूमि आवंटन का अनुरोध किया।
समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि 25 जनवरी 2026 को ग्राम रामनगर में हुई सड़क दुर्घटना में संजय बैरागी गंभीर रूप से घायल हो गए, जो वर्तमान में उदयपुर के निजी अस्पताल में उपचाररत हैं। उपचार में लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं और परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि आरोपी पक्ष सहयोग नहीं कर रहा और प्रभाव के चलते मामले को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। समाज ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, निष्पक्ष जांच और आरोपी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
दूसरे ज्ञापन में समाज ने जिले में गुरुकुल और छात्रावास की स्थापना हेतु भूमि आवंटन का अनुरोध किया। समाज का कहना है कि जिले में बड़ी संख्या में वैष्णव बैरागी परिवार निवासरत हैं और नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, पूजा-अर्चना विधि और वैदिक शिक्षा से जोड़ने के लिए गुरुकुल की स्थापना आवश्यक है। इसके लिए नीमच हवाई पट्टी के पास ग्राम हल्का नीमच सिटी के खसरा क्रमांक 2556 की भूमि आवंटित करने की मांग की गई।
समाज पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से दोनों मामलों में शीघ्र और सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।