प्रतापगढ़। जिले के धरियावद उपखण्ड के मुंगाणा में सकल हिन्दू समाज के तत्वावधान में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धौलागढ़ पीठ से आए महंत योगी प्रकाशनाथ जी महाराज और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, चित्तौड़ प्रांत के सह-प्रांत कार्यवाह नारायण जी भाईसाहब ने अपने उद्बोधन दिए।
कलश यात्रा की शुरुआत खेड़ापति इच्छापूर्ण हनुमान जी मंदिर से हुई। यात्रा मार्ग में महाराणा प्रताप चौराहा, मुख्य बाजार और रामदेव बस स्टैंड होते हुए अयोध्यापुरम् में जाकर धर्मसभा में परिवर्तित हुई। मार्ग में क्षेत्रवासियों ने जगह-जगह स्वागत द्वार एवं पुष्पवर्षा के माध्यम से पावन यात्रा का अभिनंदन किया।
धर्मसभा में नारायण जी भाईसाहब ने कहा कि हिंदुओं को अब जातियों में बंटकर नहीं, बल्कि एक होकर सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आना होगा। भारत पुनः विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है, और इसके लिए प्रत्येक हिन्दू तक ‘एक संगत, एक पंगत’ का विचार पहुंचाना आवश्यक है।
महंत योगी प्रकाशनाथ जी महाराज ने बच्चों को संस्कारवान बनाने पर जोर दिया और समाज में समरसता, भाईचारा एवं संस्कारों को मजबूत करने का आव्हान किया।
सम्मेलन को सफल बनाने में नगरवासियों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों का विशेष सहयोग रहा। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी के योगदान के लिए आभार प्रकट किया।