नीमच। जिले की सिगोली तहसील क्षेत्र के ग्राम आलोरी गरवाड़ा और ग्राम कसमारिया (ग्राम पंचायत बदावा) में शासकीय गोचर एवं अन्य सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में ग्राम रतनगढ़ निवासी कमल चारण ने जिला कलेक्टर को आवेदन देकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है। आवेदन में बताया गया कि ग्राम आलोरी गरवाड़ा स्थित शासकीय चारागाह भूमि, जो पशुओं के चरने के लिए आरक्षित है, उस पर कुछ व्यक्तियों द्वारा लगभग 10 हजार वर्गफीट क्षेत्र में अवैध आवासीय निर्माण कर लिया गया है।
इसी प्रकार, ग्राम कसमारिया में भी सरकारी भूमि पर करीब 4 हजार वर्गफीट क्षेत्र में अवैध रूप से दुकानें और गोदाम बनाकर किराये पर संचालित किए जा रहे हैं।
आवेदक ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा लंबे समय से शासकीय भूमि का निजी लाभ के लिए उपयोग किया जा रहा है। वर्ष 2019 में आसपास की भूमि से अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन यह हिस्सा कार्रवाई से बच गया। मामले में पहले भी कई बार शिकायतें की गईं, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कमल चारण ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए अवैध निर्माण हटाया जाए और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।