नीमच। नीमच जिले के नेवड़ गांव की बाछड़ा बस्ती में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। पेयजल संकट, गंदे पानी की निकासी, आंगनवाड़ी, श्मशान शेड, सामुदायिक भवन और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं नहीं होने से परेशान ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा और तत्काल समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि बस्ती में पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। पानी की निकासी के लिए पक्के नालों की व्यवस्था नहीं होने से गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इसके साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन, सामूहिक शौचालय एवं बस प्रतीक्षालय जैसी मूलभूत सुविधाएं आज तक उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
श्मशान स्थल पर चबूतरा और शेड नहीं होने से अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब पास की एक फैक्ट्री से निकलने वाला गंदा पानी बस्ती क्षेत्र में फैल रहा है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है तथा पर्यावरण भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इन समस्याओं को लेकर सरपंच को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पूर्व में दिए गए आवेदनों पर भी सुनवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने इस बार सामूहिक हस्ताक्षरों के साथ कलेक्टर से सीधे हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाछड़ा बस्ती में शीघ्र पेयजल, स्वच्छता, जलनिकासी और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।