मनासा। मंगलवार दोपहर ग्राम आमलीखेड़ा के मुख्य चौराहे पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।
घटना में कई ग्रामीण घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए मनासा शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद कन्हैयालाल पिता भंवरलाल सेन (उम्र 32 वर्ष) की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया।
हमले में बल्लू बंजारा (उम्र 79 वर्ष), मेहेंद्र सिंह पिता जालम सिंह (उम्र 55 वर्ष) निवासी आमलीखेड़ा सहित बाहर झोपड़ी बनाकर रह रहे आदिवासी मजदूर भी घायल हुए, जिनका अस्पताल में उपचार किया गया।
उल्लेखनीय है कि नीमच जिले में एक सप्ताह के भीतर मधुमक्खियों के हमले की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।