नीमच। ज्ञानोदय विश्वविद्यालय में मल्टीनेशनल कंपनी सिन्नोवा गियर्स एंड ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस प्लेसमेंट ड्राइव में विश्वविद्यालय के कुल 40 विद्यार्थियों का चयन 3 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रशांत शर्मा ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों में आईटीआई के 35 एवं पॉलिटेक्निक के 5 छात्र शामिल हैं। विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सफलता प्राप्त की।
कंपनी के एचआर प्रतिनिधि नीरव कंडोरिया ने जानकारी दी कि सिन्नोवा गियर्स गुजरात के राजकोट में स्थित एक प्रतिष्ठित ISO 9001:2015 एवं IATF 16949 प्रमाणित गियर एवं शाफ्ट निर्माण कंपनी है। यह कंपनी वर्ष 2010 से ऑटोमोबाइल, कृषि एवं भारी इंजीनियरिंग उद्योगों के लिए उच्च गुणवत्ता के पुर्जों का निर्माण कर रही है तथा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी है।
विश्वविद्यालय की चांसलर डॉ. माधुरी चौरसिया ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत और विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्लेसमेंट अधिकारी प्रो. सुजाता गर्ग ने बताया कि विश्वविद्यालय का करियर डेवलपमेंट सेल विद्यार्थियों को सॉफ्ट स्किल्स, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, मॉक इंटरव्यू एवं रिज्यूमे लेखन का प्रशिक्षण प्रदान करता है, जिससे उन्हें प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर मिल सकें। उक्त जानकारी विश्वविद्यालय के प्रो. अनूप चौधरी द्वारा दी गई।