नीमच। नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना के साथ नीमच से श्री सांवरिया सेठ के धाम तक भव्य पैदल यात्रा बुधवार 4 फरवरी को लायंस पार्क चौराहे से श्रद्धा और उल्लास के बीच प्रारंभ हुई। यह पदयात्रा नीमच से नयागांव होते हुए निंबाहेड़ा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। गुरुवार 5 फरवरी को पदयात्रा मंडफिया स्थित श्री सांवरिया सेठ के धाम पहुंचकर दर्शन, पूजा-अर्चना एवं भोग-प्रसादी के साथ संपन्न होगी।

श्री सांवरिया भक्त मंडल द्वारा आयोजित दो दिवसीय पदयात्रा को लेकर नगर में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण बना रहा। यात्रा के शुभारंभ से पूर्व लायंस पार्क चौराहे पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चारों ओर “जय सांवरिया सेठ” के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण गूंज उठा। पदयात्रा अरुल अशोक अरोड़ा के सान्निध्य में निकाली जा रही है।

यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं का जगह-जगह भव्य स्वागत किया जा रहा है। पुष्पवर्षा, स्वागत मंचों एवं धार्मिक नारों के बीच पदयात्रियों का अभिनंदन किया गया, जिससे पूरा मार्ग भक्तिरस में सराबोर नजर आया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर पदयात्रा का भव्य स्वागत किया।

पदयात्रियों की सुविधा हेतु आयोजकों द्वारा पेयजल, अल्पाहार, विश्राम, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यात्रा को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए स्वयंसेवकों की टीमें भी तैनात की गई हैं।

प्रथम दिवस की संध्या निंबाहेड़ा में भक्ति रस से सराबोर रहेगी, जहां सुप्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा द्वारा भव्य भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि संपूर्ण पदयात्रा श्रद्धा, सेवा एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाएगी।
