मनासा। सनातन धर्म की पताका पूरे नगर में लहराते हुए 72वां श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग का आयोजन श्री महाकाल मंदिर, कमला नेहरू नगर में भक्तों की भारी उपस्थिति के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।
सत्संग को संबोधित करते हुए आर्यावर्त षट्दर्शन साधु मंडल भारत एवं साध्वी मंडल की प्रदेश अध्यक्ष, प्रसिद्ध कथावाचक साध्वी जयमाला दीदी ने निरंतर आयोजित हो रहे श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग की सराहना की। उन्होंने सनातन संस्कारों को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि परिवार में एकता, सामाजिक सद्भाव और नैतिक मूल्यों का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
साध्वी जयमाला दीदी ने कहा कि सनातन धर्म से जीवन में सत्य का संचार होता है, जिससे ईश्वर की प्राप्ति संभव होती है। दैनिक जीवन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जो संतान माता-पिता के चरणों में झुकती है, उसे संसार के आगे कभी झुकना नहीं पड़ता।
सत्संग का शुभारंभ लाभार्थी उपाध्याय परिवार द्वारा श्रीहनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर कमल विजयवर्गीय, सत्यनारायण सोनी, निरंजन पाराशर एवं ओम सोनी ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सनातन सत्संग मंडल द्वारा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही आगामी 73वें श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में दिनांक 10 फरवरी, प्रातः 8 बजे, श्री घास बावजी, श्रीराम मोहल्ला में सपरिवार सहभागिता का आग्रह किया गया।