नीमच। श्री सांवरिया सेठ भक्त मंडल के तत्वावधान में मंगलवार रात्रि लायंस पार्क चौराहे पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर रात तक आयोजन स्थल पर मौजूद रहे।
भजन संध्या का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके पश्चात छोटू सिंह रावणा ने सांवरिया सेठ की महिमा से जुड़े एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए, जिन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरे क्षेत्र में “जय सांवरिया सेठ” के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रोशनी एवं पुष्प सज्जा से सुसज्जित किया गया था।
ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति-
मंगलवार रात्रि तापमान में गिरावट के बावजूद श्रद्धालुओं की उपस्थिति में कोई कमी नहीं देखी गई। महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी संख्या ने भजन संध्या में सहभागिता की।
आयोजन समिति के अशोक अरोरा ने उपस्थित श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भक्तों को भक्ति के सूत्र में बांधना है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।