उदयपुर/मेवाड़। स्वार्थ से भरे इस दौर में भी जब कोई व्यक्ति अपनी जान की परवाह किए बिना किसी बेजुबान की रक्षा के लिए आगे आता है, तो यह साबित होता है कि इंसानियत आज भी जीवित है। ऐसा ही एक प्रेरणादायक उदाहरण उदयपुर के माधड़ी इंडस्ट्रीज एरिया, रोड नंबर-1, विद्युत नगर में देखने को मिला।
श्री राम बजरंग दल मेवाड़ के संभाग अध्यक्ष दीपक दमामी की नजर एक कुत्ते के मासूम बच्चे पर पड़ी, जो इधर-उधर भटक रहा था। आसपास मौजूद बड़े कुत्तों से उस पर हमले का खतरा बना हुआ था और उसकी जान संकट में थी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दीपक दमामी ने बिना समय गंवाए साहसिक कदम उठाया और अपनी जान जोखिम में डालकर उस बेजुबान को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद उन्होंने अपने सहयोगियों से संपर्क कर मदद जुटाई। इस मानवीय कार्य में कपिल सोनी, भव्या खथूरिया एवं उमराव खान का सहयोग रहा। वहीं उदयपुर की सुप्रसिद्ध पशु सेवा संस्था सपोर्ट स्ट्रेज़ उदयपुर तथा संस्था से जुड़ी चांदनी सोनी के प्रयासों से कुत्ते के बच्चे को सुरक्षित आश्रय और नया जीवन मिला।
बताया गया कि चांदनी सोनी वर्तमान में अपने संरक्षण केंद्र में 100 से अधिक डॉग्स सहित कई बीमार, घायल एवं लावारिस बेजुबान जानवरों की सेवा और देखभाल कर रही हैं। यह केंद्र बेसहारा पशुओं के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है।
स्थानीय नागरिकों एवं पशु प्रेमियों ने इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जब तक दीपक दमामी और चांदनी सोनी जैसे लोग समाज में मौजूद हैं, तब तक बेजुबान जानवर सुरक्षित हैं। यह घटना न केवल एक मासूम की जान बचाने की कहानी है, बल्कि समाज को मानवता, संवेदनशीलता और करुणा का संदेश देने वाली प्रेरणादायक मिसाल भी है।