मंदसौर। शहर के समग्र विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शिवना रिवर फ्रंट परियोजना के लिए 12 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना से पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र एवं शिवना नदी के घाटों को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप मिलेगा।
पशुपतिनाथ लोक के लोकार्पण के बाद अब शिवना नदी के तटों का विकास किया जाएगा। परियोजना के तहत किले की ओर से नदी में धँसने वाली मिट्टी को रोकने के लिए संरचनात्मक कार्य किए जाएंगे, जिससे तट सुरक्षित रहेगा।
शिवना रिवर फ्रंट को साबरमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसमें आधुनिक लाइटिंग, फव्वारे, हरित क्षेत्र, नागरिक सुविधाएं और आमोद-प्रमोद के साधन विकसित किए जाएंगे, जिससे यह श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण बनेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष रामादेवी गुर्जर ने बताया कि शिवना घाट का सौंदर्यीकरण रिवर फ्रंट के रूप में किया जाएगा। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का आभार व्यक्त किया।