निंबाहेड़ा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी राजस्थान स्टेट हज कमेटी की सरपरस्ती में जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के तत्वावधान में जिला हज कमेटी चित्तौड़गढ़ एवं हज खिदमत कमेटी निंबाहेड़ा के संयुक्त आयोजन से जिला स्तरीय हज प्रशिक्षण एवं टीकाकरण शिविर का आयोजन रविवार, 8 फरवरी को किया जाएगा। यह शिविर निंबाहेड़ा स्थित मेव जमात खाना में प्रातः 9 बजे प्रारंभ होगा।
हज खिदमत कमेटी के सदर मतलूब अजमेरी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चयनित जिले के कुल 166 हज यात्रियों को इस शिविर में प्रोजेक्टर के माध्यम से हज यात्रा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही यात्रियों को मेनिंगोकोकोल वैक्सीन का टीकाकरण कर पोलियो की खुराक भी पिलाई जाएगी।
सदर अजमेरी ने चित्तौड़गढ़ जिले के सभी हज यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर शिविर में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लाएं। प्रत्येक हज यात्री को एक पासपोर्ट साइज फोटो, मूल पासपोर्ट, आधार कार्ड एवं मेडिकल रिपोर्ट अनिवार्य रूप से साथ लाने का आग्रह किया गया है।
जिला हज कमेटी चित्तौड़गढ़ के जिलाध्यक्ष उबैद खान ने बताया कि इस वर्ष हज यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण यात्रियों की सुविधा हेतु पांच सहायता काउंटर लगाए जाएंगे।
हज खिदमत कमेटी के सचिव हाजी अख्तर पटेल ने जानकारी दी कि शिविर स्थल पर भारतीय मुद्रा को सऊदी अरब की मुद्रा में बदलने की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। जो हज यात्री करेंसी एक्सचेंज कराना चाहते हैं, वे भारतीय मुद्रा साथ लाएं।
कार्यक्रम के दौरान प्रातः अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी तथा जौहर की नमाज का इंतजाम मंसूरी जमात खाना, निंबाहेड़ा में किया गया है। इसके पश्चात सभी हज यात्रियों एवं आमंत्रित मेहमानों के लिए भोजन व्यवस्था भी रहेगी।
इस अवसर पर कमेटी के समस्त सदस्यों ने जिले के सभी हज यात्रियों से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।