सिंगोली। थाना क्षेत्र के ग्राम अनोपपुरा निवासी एक युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने आरोपित पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाना सिंगोली के बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अनोपपुरा निवासी आसिफ पिता फरीद (22) ने शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे राजस्थान के भैंसरोड़गढ़ थाना क्षेत्र के तंबोलिया गांव में अपने रिश्तेदार के यहां जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे तत्काल सिंगोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे चित्तौड़गढ़ ले गए, जहां उपचार के दौरान रात करीब साढ़े नौ बजे उसकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने युवती के परिजनों पर गाली-गलौच करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाना सिंगोली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने थाना परिसर के बाहर बेगूं-सिंगोली मुख्य सड़क मार्ग पर धरना देकर चक्काजाम कर दिया।

थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने परिजनों को समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और रात करीब 10 से 12 बजे तक धरने पर बैठे रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने युवती के परिजनों रुस्तम खां पिता मामूर खां, जमील पिता रुस्तम खां और रईस खां पिता रुस्तम खां के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद भी जाम नहीं हटने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर मार्ग खुलवाया।

घटना के समय तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल, थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा, एसआई शाकिर मेव, एएसआई केपी सिंह, प्रभारी राजस्व निरीक्षक प्रकाश शुक्ला सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

बताया गया है कि 4 जनवरी की रात युवक और युवती दोनों घर से चले गए थे। बाद में युवती के परिजनों ने पुलिस थाना सिंगोली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 6 जनवरी को दोनों पुलिस थाना सिंगोली पहुंचे, जहां समझाइश के बाद पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों के अनुसार, इसके बाद लगातार गाली-गलौच और धमकियों से आहत होकर युवक ने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
