नीमच। ग्राम रायसिंहपुरा में तीन दिवसीय पंचकुंडीय रुद्र महायज्ञ एवं शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव शनिवार को श्रद्धा और वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। समापन महा-पूर्णाहुति एवं मंदिर शिखर पर कलश स्थापना के साथ किया गया।
महायज्ञ के अंतिम दिन ब्रह्म मुहूर्त में भगवान शिव परिवार का सहस्त्रधारा महाभिषेक 1000 कलशों के जल से किया गया। वैदिक ब्राह्मणों द्वारा शास्त्रोक्त विधि से प्राण-प्रतिष्ठा कराई गई। अभिजीत मुहूर्त में मंदिर शिखर पर स्वर्ण कलश की स्थापना की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुख्य पंडित नारायण शर्मा ने बताया कि महायज्ञ में प्रतिदिन 55 जोड़ों ने यजमान के रूप में पूजन किया तथा जड़ी-बूटियों, औषधियों एवं घी से 2.5 लाख से अधिक आहुतियां दी गईं।
समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यह आयोजन शुक्ल यजुर्वेदीय परंपरा के अनुसार ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना के साथ संपन्न हुआ।