नीमच/जवासा। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम ढाबा निवासी दिनेश नायक की सुपुत्री अंजलि नायक द्वारा सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। अंजलि की मौत चार दिन पूर्व हुई थी, जिसके बाद आज जवासा-भादवा माता चौराहा पर परिजनों ने चक्का जाम कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि अंजलि के साथ उसकी बड़ी मम्मी और बुआ द्वारा विवाद किया गया और उसे गंभीर रूप से मारपीट कर प्रताड़ित किया गया। इसी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से आहत होकर अंजलि ने सुसाइड नोट में आरोपियों के नाम लिखते हुए गांव के पास स्थित कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।

मृतका के पिता और माता ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, जिससे आक्रोशित होकर उन्हें चक्का जाम करना पड़ा। चक्का जाम के कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

मौके पर पुलिस प्रशासन पहुंचा और परिजनों को समझाइश दी जा रही है। परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हुए हैं। मामले में पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और सुसाइड नोट सहित सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
