चित्तौड़गढ़। पंचायत समिति परिसर स्थित श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर एवं श्री पंचेश्वर बालाजी मंदिर में आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन के दौरान संपूर्ण परिसर वेद मंत्रों, भजन-कीर्तन और जयघोष से गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
महोत्सव के प्रथम दिन शुक्रवार रात्रि को भजन-कीर्तन एवं कथा वाचन का आयोजन किया गया। जिला परिषद चित्तौड़गढ़ के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित ने भजनों के माध्यम से भक्तिरस की अविरल धारा प्रवाहित की। “हरे कृष्णा हरे राम” के संकीर्तन से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया। सायं 7 बजे से प्रारंभ यह आयोजन देर रात्रि तक चला, जिसमें पंचायत समिति कर्मचारी, विकास अधिकारी समुद्र सिंह, विभिन्न पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारी तथा श्रद्धालु भावविभोर होकर सहभागी बने।
शनिवार प्रातः 9 बजकर 15 मिनट पर 51 महिलाओं द्वारा सिर पर कलश धारण कर पंचायत समिति परिसर से जिला कलेक्टर कार्यालय तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों की स्वर-लहरियों और श्रद्धालुओं के जयघोष से संपूर्ण क्षेत्र धर्ममय वातावरण में सराबोर हो गया।
दोपहर 12 बजकर 15 मिनट से वैदिक शास्त्रियों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ श्री पंचेश्वर महादेव एवं श्री पंचेश्वर बालाजी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। इसके पश्चात हवन-पूजन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस पावन अवसर पर विधायक चंद्रभान सिंह आख्या, पूर्व प्रधान देवेंद्र कुंवर, रणजीत सिंह भाटी, विजयपुर सरपंच प्रशासक श्यामलाल शर्मा, गणेश साहू, कालू सिंह केलझर, गोपाल सिंह घोसुंडी, श्यामलाल ढोली पाल, देवरी सरपंच मगनीराम डांगी, नेतावलगढ़ पाछली विजय सिंह, धटियावली गोपाल कुमावत, ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष भारत सिंह सहित हनुमंत सिंह, विनोद गहलोत, प्रहलाद धाकड़, प्रकाश गर्ग, सूर्य प्रकाश उपाध्याय, अंकित बांगड़, प्रहलाद तिवारी, नरेंद्र गुर्जर, सुमन यादव, सुमन मारू, मुक्ता लोट, नूपुर जगरोटिया, देवीलाल, अशोक बैरवा, लता पांडिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महोत्सव का समापन सायं 5 बजे महाआरती के साथ हुआ, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।