झांतला। रतनगढ़-सिंगोली धाकड़ समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति के तत्वावधान में रविवार को भैरूनाथ की पावन नगरी झांतला स्थित स्वामी विवेकानंद खेल मैदान में धाकड़ समाज का दूसरा सामूहिक विवाह सम्मेलन भव्य रूप से संपन्न हुआ। सम्मेलन में 82 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विवाह में फिजूलखर्ची पर रोक, मितव्ययिता, सादगी एवं सामाजिक समानता का संदेश देना रहा। सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाजजन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह समय, धन और सामाजिक ऊर्जा की बचत का श्रेष्ठ माध्यम है तथा इससे समाज में एकता और संस्कार मजबूत होते हैं।
सम्मेलन में सांसद सुधीर गुप्ता, सांसद रोडमल नागर, पूर्व विधायक देवीलाल धाकड़, चुन्नीलाल धाकड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं वरिष्ठजन मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन को समाज सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
गायत्री परिवार द्वारा विवाह विधि संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। पंडाल, तोरण द्वार, लाइटिंग एवं व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं।
कार्यक्रम का संचालन समिति संयोजक ओम धाकड़ (इंदौर) ने किया एवं आभार समिति अध्यक्ष छितरमल धाकड़ ने व्यक्त किया। आयोजन में प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया एवं क्षेत्रवासियों का सहयोग उल्लेखनीय रहा।