नीमच। कनावटी पुलिस लाइन में पदस्थ हेड कांस्टेबल होशियार सिंह का शव पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही पुलिस लाइन स्थित उनके आवास पर पहुंचा, पूरे परिसर में शोक की लहर फैल गई। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं पुलिस लाइन के रहवासी मौके पर एकत्र हुए और पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा।

जानकारी के अनुसार, शव पहुंचने से पूर्व परिजन नीमच से हरियाणा के लिए रवाना हो चुके थे। बाद में सूचना मिलने पर उन्हें वापस बुलाया गया। पुलिस लाइन के रहवासियों ने मांग की कि परिजनों के आने तक शव को यहीं रखा जाए, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा शव को आगे रवाना करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिजनों के मौके पर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने शव को एंबुलेंस से रवाना कर दिया, जिस पर मौजूद लोगों ने नाराजगी जताई।

इस दौरान मृतक की बेटी अर्पिता यादव ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें अपने पिता का अंतिम दर्शन तक नहीं करने दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता लंबे समय से विभागीय प्रताड़ना का सामना कर रहे थे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। अर्पिता ने पुलिस प्रशासन के रवैये को अमानवीय और असंवेदनशील बताया।

गौरतलब है कि हेड कांस्टेबल होशियार सिंह की जहरीला पदार्थ सेवन के बाद उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। मामले में तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिलने और विभागीय प्रताड़ना के आरोप सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू करने की बात कही है। मामले की जांच के परिणामों पर सभी की नजर बनी हुई है।
