चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले में शिवसेना की ओर से सभी लावारिस एवं असहाय लोगों के शवों का अंतिम संस्कार के बाद उनकी एकत्रित की गई अस्थियों को सामूहिक रूप से अगले माह हरिद्वार ले जाकर मोक्षदायिनी गंगा नदी में विधि विधान के साथ विसर्जन करने की तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई।
जिला प्रभारी गोपाल वेद ने बताया कि प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी सभी एकत्रित की गई अस्थियों को जिला मुख्यालय स्थित शहर मोक्षधाम से पूजा अर्चना के उपरान्त ढोल नगाड़ों के साथ मोक्षरथ द्वारा हरिद्वार ले जाया जायेगा जहाँ उन्हें पवित्र गंगा नदी में मंत्रोच्चार व पूजा अर्चना के साथ विसर्जित किया जायेगा।
जिला प्रभारी वेद ने बताया कि इस पुनीत कार्य के लिए जिले के समस्त थानों, भामाशाओं से आर्थिक सहयोग के लिए सम्पर्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सामूहिक रूप से अस्थियों को हरिद्वार ले जाकर विसर्जन करने का यह क्रम पिछले 20 वर्षों से किया जा रहा है जो सभी के सहयोग से अनवरत जारी है।