मंदसौर। जिले की गरोठ तहसील के ग्राम बानिया खेड़ी (खड़ावदा क्षेत्र) निवासी सीआरपीएफ जवान मुकेश कुमार प्रजापति 17 जनवरी 2026 को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में शहीद हो गए। वे सीआरपीएफ की 52वीं बटालियन में लगभग 20 वर्षों से देश सेवा में कार्यरत थे। दुर्घटना उस समय हुई जब वे छुट्टी पर घर लौट रहे थे।
शहीद मुकेश प्रजापति के पार्थिव शरीर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। क्षेत्र में शोक की लहर रही और हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोमवार को उनके पैतृक गांव में 12वीं की रस्म आयोजित की गई।
इस अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में शहीद की स्मृति में मूर्ति स्थापना का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। जनपद पंचायत गरोठ अध्यक्ष प्रतिनिधि रणजीत सिंह चौहान ने इस कार्य के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत सरपंच मुकेश रावत मीणा ने शीघ्र प्रस्ताव पारित कर मूर्ति निर्माण प्रारंभ करने की बात कही। स्थानीय जनपद निधि से भी सहयोग पर सहमति बनी है।
ग्रामीणों ने कहा कि शहीद मुकेश प्रजापति का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।