नीमच की पॉश शिक्षक कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई है। मकान नंबर 31 में हाईकोर्ट एडवोकेट सुरेंद्र पटवा के घर चोर पीछे के दरवाजे से घुस गए और प्लाई तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। हैरानी की बात यह है कि वारदात के समय पटवा घर में ही अपने ऑफिस में काम कर रहे थे।बताया गया है कि घर के भीतर खटपट की आवाज सुनकर जब वे अंदर पहुंचे तो चोरों की मौजूदगी का आभास हुआ। इसी दौरान चोर एक कमरे में घुसकर दरवाजा बंद कर बैठे। स्थिति आमना-सामना और हाथापाई तक पहुंचने वाली थी, लेकिन पटवा ने हिम्मत दिखाते हुए उन्हें कमरे में बंद कर दिया। जैसे ही वे पड़ोसियों को बुलाने बाहर निकले, चोरों ने दरवाजा लात मारकर तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।घटना के बाद घर के अंदर का नजारा अस्त-व्यस्त मिला। कमरों में रखा सामान बिखरा पड़ा था। कितनी चोरी हुई है, इसका खुलासा सुरेंद्र पटवा की पत्नी के आने के बाद ही हो सकेगा। उस समय एडवोकेट पटवा घर पर अकेले थे।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निलेश अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध आरोपी कैद हुए हैं, जिनके आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।चौंकाने वाली बात यह भी है कि एडवोकेट सुरेंद्र पटवा का मकान पहले भी तीन बार चोरों के निशाने पर आ चुका है। अभी तक किसी घटना का खुलासा नहीं हो पाया है। पिछले दोदृढाई महीने पहले भी इनके मकान में चोरी की घटना हो चुकी है। चोरी की पिछली वारदातों में करीब 50 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कॉलोनीवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।