नीमच। शहर के पास नीमच-नसीराबाद हाईवे स्थित जैतपुरा फंटा पर बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रेलर और कार के बीच जोरदार टक्कर में कार सवार तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा नीमच सिटी थाना क्षेत्र में हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम कार जैतपुरा फंटे के पास से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि कार में सवार तीनों महिलाएं जावद क्षेत्र की निवासी हैं। टक्कर के बाद वे कार में ही फंस गई थीं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल नीमच के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही नीमच सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर ट्रैफिक व्यवस्था संभाली। पुलिस ने ट्रेलर और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।