नीमच। विजया एकादशी के पावन अवसर पर जमुनिया खुर्द से नीमच तक भक्ति और उत्साह से सराबोर भव्य निशान पैदल यात्रा निकाली गई। यात्रा का आयोजन खाटू श्याम जी मित्र मंडल, जमुनिया खुर्द के सानिध्य में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
निशान यात्रा सुबह 9 बजे श्रीराम जानकी मंदिर से प्रारंभ हुई। यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों मुख्य चौराहा, शाकंभरी माता मंदिर, बालाजी मंदिर एवं ग्राम पंचायत परिसर से होती हुई नीमच स्थित मंदिर तक पहुंची।
डीजे पर बज रही भक्ति धुनों और जयकारों के बीच निकली इस यात्रा में सुसज्जित रथ पर विराजित खाटू श्याम जी की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। पूरे मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
यात्रा में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और श्रद्धा का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
यात्रा के समापन पर श्री श्याम किराना स्टोर एवं मित्र मंडल जमुनिया खुर्द द्वारा सभी श्रद्धालुओं और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।