नीमच। जिला सहकारी कर्मचारी पेंशनर संघ की तहसील स्तरीय आवश्यक बैठक सहकारी बैंक शाखा मनासा में दोपहर 1 बजे आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष सम्भाजी राव ने की। इस अवसर पर ईपीएस-95 पेंशनर संघ के अध्यक्ष बृजेंद्र प्रसाद शर्मा भी उपस्थित रहे।
संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया गया कि आगामी 9, 10 व 11 मार्च को ईपीएस-95 के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कमांडर के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चार सूत्रीय मांगों को लेकर देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री, केंद्रीय वित्त मंत्री एवं श्रम मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। बैठक में पेंशनरों की समस्याओं पर चर्चा कर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
मीडिया प्रभारी इलियास कुरैशी ने बताया कि यह आंदोलन पिछले 11 वर्षों से जारी है। महाराष्ट्र के बुलडाना में सात वर्षों से क्रमिक आंदोलन चल रहा है, बावजूद इसके सरकार का ध्यान अब तक आकर्षित नहीं हो सका है।
बैठक में ज्ञानमल पामेचा, रामकिशन पाटीदार, गोपाल शर्मा, एस.पी. नागर, चांदमल सोनी, हरिसिंह, बने सिंह, रमेश नागदा, गोपाल नंदवाना, सदाशिव गर्ग, बंसीलाल फरक्या, गोवर्धन विजयवर्गीय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।