मंदसौर। शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली घी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। शुक्रवारदृशनिवार की दरमियानी रात अभिनंदन नगर स्थित कर्मचारी कॉलोनी क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस व फूड सेफ्टी टीम ने करीब 25 से 30 लीटर नकली घी और डेढ़ से दो लीटर नकली शहद जब्त किया।
मुखबिर से सूचना मिलने पर सीएसपी जितेंद्र कुमार भास्कर के नेतृत्व में सिटी कोतवाली और नई आबादी थाना पुलिस तथा फूड सेफ्टी टीम ने रात करीब 12.30 बजे संयुक्त कार्रवाई की। मौके पर आरोपी नकली घी तैयार करते हुए मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि डालडा व सोयाबीन तेल को गर्म कर केमिकल और आर्टिफिशियल फ्रेगरेंस मिलाकर नकली घी बनाया जा रहा था।
पुलिस ने घी निर्माण में प्रयुक्त तेल, केमिकल, बर्तन, गैस सिलेंडर, चूल्हा, 4 से 6 मोबाइल फोन और 2 से 3 मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। फूड सेफ्टी विभाग ने घी व शहद के सैंपल लैब जांच के लिए भेजे हैं।
कार्रवाई में नानू बागरी, बंशी बागरी और करण बागरी को गिरफ्तार किया गया है, जो आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ग्रामीण इलाकों में 500 से 1000 रुपये प्रति किलो की दर से नकली घी बेचते थे।
सीएसपी ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि यह 14 दिनों में नकली घी के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई है।