नीमच। शिवभक्ति और आध्यात्मिक चेतना के महापर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर नीमच स्थित ब्रह्माकुमारी प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय एक बार फिर दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित होने जा रहा है। यहां 15 एवं 16 फरवरी को दो दिवसीय भव्य शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसकी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
इस वर्ष आयोजन स्थल को माउंट आबू की तर्ज पर विशेष रूप से सजाया गया है, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक तीर्थ जैसा अनुभव प्राप्त होगा। पूरा परिसर आकर्षक प्रकाश सज्जा और मनोहारी आध्यात्मिक प्रतीकों से सुसज्जित किया गया है।
श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विशाल ज्योतिर्लिंग की भव्य झांकी तैयार की गई है, जो दिव्यता, आस्था और विश्वास का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगी। साथ ही “हम सबका मालिक एक” का सार्वभौमिक संदेश देती ज्ञानपथ प्रदर्शनी एवं झांकियां मानव जीवन के आध्यात्मिक उत्थान और आत्मिक विकास की प्रेरणा प्रदान करेंगी।
महोत्सव का एक विशेष आकर्षण पिरामिड ध्यान कक्ष रहेगा, जहां श्रद्धालुओं को मात्र 5 मिनट का ध्यान कराकर आंतरिक शांति और आत्मिक सुकून का अनुभव कराया जाएगा। इसके अलावा परिसर में बाबा का कमरा, कुटिया, शांति स्तंभ सहित अनेक प्रतीकात्मक आध्यात्मिक संरचनाएं भी निर्मित की गई हैं, जो संपूर्ण वातावरण को ध्यान और आत्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण करेंगी।
उल्लेखनीय है कि महाशिवरात्रि पर्व पर प्रतिवर्ष यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंचते हैं। इस वर्ष आयोजन का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि यह संस्थान का 90वां शिवरात्रि महोत्सव है।
आयोजकों को उम्मीद है कि इस दिव्य और ऐतिहासिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागी बनकर आध्यात्मिक अनुभूति और शांति का अनुभव प्राप्त करेंगे।