नीमच। 14 फरवरी को मनाए जाने वाले वेलेंटाइन डे को लेकर शहर में बजरंग दल ने कड़ा रुख अपनाया। संगठन ने वेलेंटाइन डे को विदेशी परंपरा बताते हुए इसके सार्वजनिक आयोजन का विरोध किया।
इसी क्रम में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की टोलियां शहर के विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंट, कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों, बाग-बगीचों तथा गांधी वाटिका पार्क सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण करती नजर आईं। कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं द्वारा सतर्क निगरानी भी रखी गई।
हालांकि इस दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि वे प्रेम के विरोधी नहीं हैं, लेकिन पाश्चात्य संस्कृति के अंधानुकरण का विरोध करते हैं। उनका कहना था कि सार्वजनिक स्थलों पर सामाजिक मर्यादाओं का पालन होना चाहिए।
दिनभर शहर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का माहौल बना रहा।