नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित न्यू इंद्रानगर में पिछले दो वर्षों से सीवरेज के गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। चमत्कारी बालाजी मंदिर के सामने स्थित सार्वजनिक बगीचे में गंदा पानी जमा रहने से बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे करीब 25 परिवार परेशान हैं।
रहवासियों के अनुसार, पुरानी सीवरेज लाइन मकानों के नीचे से गुजरती है। कुछ स्थानों पर चेंबर बंद होने से लाइन बार-बार जाम हो रही है और गंदा पानी बगीचे में फैल रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद नगर पालिका द्वारा स्थायी समाधान नहीं किया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद पति व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ओम दीवान मौके पर पहुंचे और समस्या का निरीक्षण किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो नगर पालिका का घेराव किया जाएगा।